नयी दिल्ली , मार्च 24 -- तमिलनाडु में सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) ने विदुथलाई चिरुथैगल कात्ची (वीसीके) के साथ आठ सीटों के बंटवारे के लिए समझौता करने के कुछ ही घंटों बाद मंगलवार रात दिवंगत अभिनेता-राजनेता विजयकांत की पार्टी देसिया मुरपोक्कु द्रविड़ कषगम (डीएमडीके) के साथ भी हाथ मिला लिया।

आगामी विधानसभा के चुनावों के लिए द्रमुक ने डीएमडीके को 10 सीटें आवंटित की हैं। द्रमुक के नेतृत्व वाले धर्मनिरपेक्ष प्रगतिशील गठबंधन (एसपीए) में शामिल होने के बाद डीएमडीके को पहले ही एक राज्यसभा सीट दी जा चुकी है, जिस पर उसके कोषाध्यक्ष एल के सुधीश निर्वाचित हुए हैं। विधानसभा सीटों के लिए समझौते पर आज शाम हस्ताक्षर किए गए।

डीएमडीके की महासचिव प्रेमलता विजयकांत ने द्रमुक मुख्यालय अन्ना अरिवालयम में द्रमुक अध्यक्ष और मुख्यमंत्री एम के स्टालिन के साथ समझौते पर हस्ताक्षर किए।

दस सीटों के आवंटन के साथ डीएमडीके गठबंधन में कांग्रेस (28 सीटें) के बाद दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बन गई है। द्रमुक अब तक अपने नौ सहयोगियों के साथ सीट बंटवारे का काम पूरा कर चुकी है, जिसके तहत कुल 234 विधानसभा सीटों में से 66 सीटें आवंटित की जा चुकी हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित