चेन्नई , अप्रैल 19 -- तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई को सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) का पारंपरिक गढ़ माना जाता है और इसी सिलसिले को बरकरार रखने के लिए मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने रविवार को शहर के विकास के लिए पार्टी का घोषणापत्र जारी किया।

'सुपर 6 वादे' के नाम से पेश इस घोषणापत्र में राज्य की राजधानी को विश्व स्तरीय मेट्रो शहर बनाने का संकल्प लिया गया है।

पार्टी मुख्यालय 'अन्ना अरिवलयम' में जारी इस घोषणापत्र में बेहतर बस सेवाओं और सड़कों के जरिए बेहतर संपर्क, आधुनिक सामुदायिक केंद्रों के साथ बुनियादी ढांचे का विकास, कुत्तों के नियंत्रण के लिए वैज्ञानिक तरीका और चेन्नई को वैश्विक प्रतिभा का केंद्र बनाने जैसे वादे किए गए हैं।

शहर के बाहरी इलाकों को मुख्य शहर से जोड़ने और यातायात को सुगम बनाने के लिए द्रमुक ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित यातायात प्रबंधन और 1,000 नई मिनी बसें चलाने का वादा किया है। इससे यात्रा के समय में 25 प्रतिशत तक की कमी आने का अनुमान है।

गर्मी के मौसम में पीने के पानी की किल्लत को देखते हुए घोषणापत्र में वादा किया गया है कि जिन इलाकों में पानी की बेहतर सुविधा नहीं है, वहां 'आरओ' प्लांट लगाए जाएंगे। साथ ही 10,000 करोड़ रुपये के निवेश से चेन्नई को एआई, एनिमेशन, विजुअल इफेक्ट्स और गेमिंग जैसी भविष्य की तकनीकों के लिए एक बड़ा हब बनाया जाएगा।

घोषणापत्र के अनुसार, चेन्नई में कला, संगीत और साहित्य के आयोजनों के लिए एक विश्व स्तरीय सांस्कृतिक केंद्र विकसित किया जाएगा। साथ ही 'अर्बन हैबिटेट डेवलपमेंट बोर्ड' के अपार्टमेंटों में सुविधाओं को उन्नत बनाने की जिम्मेदारी महिला संगठनों को सौंपी जाएगी, जिसके लिए सरकार धन मुहैया कराएगी।

पार्टी ने मेट्रो के द्वितीय चरण के काम को 2028 तक पूरा करने की प्रतिबद्धता जताई है। इसके अलावा बारिश के पानी की निकासी और सीवेज नेटवर्क जैसे प्रमुख परियोजनाओं को भी तय समय सीमा में पूरा करने की बात कही गई है। आवारा कुत्तों की समस्या से निपटने के लिए पशु चिकित्सकों और 'डॉग कैचर्स' की संख्या तीन गुना बढ़ाने और स्वयंसेवी संस्थाओं के साथ मिलकर 'शेल्टर होम' का विस्तार करने का वादा किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित