चेन्नई , जून 09 -- तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एवं तमिलागा वेट्री कषगम (टीवीके) के अध्यक्ष जोसेफ विजय नीति आयोग की बैठक में भाग लेने के लिए बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी के लिए रवाना होंगे।

मुख्यमंत्री एक विशेष विमान से कल यहां से रवाना होंगे और दिल्ली पहुंचने पर उनके राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति सी.पी.राधाकृष्णन से मुलाकात करने की उम्मीद है। उनके शीर्ष कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी और राहुल गांधी के साथ-साथ भाकपा और माकपा के नेताओं से भी मिलने की संभावना है।

मुख्यमंत्री ने गत 27 मई को अपनी पहली यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात की। उन्होंने श्री मोदी को एक ज्ञापन सौंपा था, जिसमें कर्नाटक को मेकेदातु में कावेरी नदी पर बांध बनाने की योजना पर आगे बढ़ने से रोकने और श्रीलंकाई नौसैनिक बलों द्वारा गिरफ्तार किए जा रहे भारतीय मछुआरों को रोकने की मांग की गई थी, जबकि सुश्री सीतारमण के साथ अपनी बैठक के दौरान उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं के लिए धन आवंटन की मांग की थी।

उन्होंने हालांकि घर में व्यस्तताओं का हवाला देते हुए कांग्रेस नेतृत्व के साथ निर्धारित बैठक रद्द कर दी गई और कहा गया कि वह यात्रा को पूरी तरह से आधिकारिक रखना चाहते थे।

मुख्यमंत्री श्री विजय की सरकार में कांग्रेस के दो मंत्री हैं और गठबंधन को मजबूत करते हुए राष्ट्रीय पार्टी को राज्यसभा सीट भी आवंटित की गई है।

उल्लेखनीय है कि पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने यह दावा करते हुए कि तमिलनाडु को वित्तीय आवंटन और प्रमुख परियोजनाओं को मंजूरी देने में अन्याय किया था, शुरू में नीति आयोग की बैठक का बहिष्कार किया था, हालांकि, उन्होंने पिछली बार बैठक में भाग लिया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित