चेन्नई , जुलाई 02 -- तमिलनाडु के पास उत्तर-पश्चिम खाड़ी के ऊपर कम दबाव का एक नया क्षेत्र बनने से अगले 2-3 दिनों में यह और मजबूत होगा, जिससे राज्य के पश्चिमी घाट वाले जिलों में एक सप्ताह तक बारिश होने की संभावना व्यक्त की जा रही है।
मौसम विभाग ने कहा कि बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम हिस्से और उससे सटे उत्तरी ओडिशा तट पर बुधवार को बने ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण के असर से बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम हिस्से और उससे सटे उत्तरी ओडिशा-पश्चिम बंगाल के तटों पर कम दबाव का क्षेत्र बना है। इससे चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 7.6 किमी ऊपर तक फैला है और ऊंचाई के साथ दक्षिण-पश्चिम की ओर झुकता है। इसके अगले 2-3 दिनों में और मजबूत होने की संभावना है।
समुद्र तल पर बुधवार को बना हवा का कम दबाव वाला क्षेत्र दक्षिण गुजरात से कर्नाटक तक अभी भी बना हुआ है। तमिलनाडु और पुडुचेरी के लिए अगले सात दिनों के पूर्वानुमान में कहा गया है कि बुधवार को नीलगिरी, थेनी और कोयंबटूर जिले के घाट वाले इलाकों में कुछ जगहों पर भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना है, साथ ही 30-40 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। पश्चिमी घाट के बाकी जिलों और उत्तरी तमिलनाडु के जिलों में भी कुछ जगहों पर मध्यम बारिश और एक-दो जगहों पर आंधी-तूफान, बिजली गिरने और 30-40 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित