चेन्नई , अक्टूबर 27 -- तमिलनाडु में थेनी जिला जेल में सुरक्षा गार्डों पर हमला कर फरार 17 कैदियों में से पांच कैदियों को दोबारा पकड़ लिया गया है, जबकि शेष 12 की तलाश में व्यापक अभियान जारी है।
पुलिस की ओर से मंगलवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार थेकम्पट्टी में स्थित थेनी जिला जेल 10 जनवरी 2019 से कार्यरत है। इस जेल की अधिकृत क्षमता 200 कैदियों की है, लेकिन सोमवार रात यहां कुल 334 कैदी बंद थे। कल रात लगभग दस बजे तीसरे ब्लॉक के कुछ कैदियों ने शोर मचाया कि एक कैदी को मिर्गी का दौरा पड़ रहा है। स्थिति का जायजा लेने के लिए तीसरे ब्लॉक के पैरा गार्ड स्टालिन प्रभु अंदर गये। वहां कैदियों ने उन पर हमला कर उन्हें काबू में कर लिया और भागने की कोशिश की। मुख्य द्वार पर तैनात गार्डों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन कैदियों ने उन्हें भी अपने कब्जे में ले लिया और चाबियां छीनकर मुख्य द्वार खोलकर फरार हो गये।
फरार होने वाले 17 कैदियों के नाम लिंगप्रसाद, सोलैमुगिलेश्वरन, राजा सिक्कंदर, मीनाक्षी सुंदरम, सिलंबरासन, करुपसामी, सबरीनाथन, पोनमुथुसेल्वम, निशांत, प्रवीणकुमार, मुथुएलंगोवन, रेजिन, धरुनकुमार, तिरुपति, राजकुमार, पांडीसेल्वम और कार्तिकराजा हैं।
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच कैदियों-प्रवीणकुमार, सिलंबरासन, राजा सिक्कंदर, राजकुमार और लिंगप्रसाद को दोबारा गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बाकी 12 कैदियों की गिरफ्तारी के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित