चेन्नई , मई 18 -- तेल उद्योग ने सोमवार को भरोसा दिलाया कि तमिलनाडु और पुडुचेरी में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है। इसके साथ ही लोगों को घबराकर खरीदारी न करने की भी सलाह दी है।
तमिलनाडु और पुडुचेरी के तेल उद्योग के राज्य स्तरीय समन्वयक (एसएलसी) वीसी अशोकन ने यहां जारी बयान में जनता को आश्वासन दिया कि क्षेत्र में आईओसीएल, बीपीसीएल और एचपीसीएल सहित सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) के सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
टर्मिनलों और डिपो से लेकर पेट्रोल पंपों तक फैली पूरी ईंधन आपूर्ति शृंखला सामान्य, कुशल और बिना किसी रुकावट के काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि तेल की आपूर्ति की लगातार निगरानी की जा रही है और पूरे राज्य में स्टॉक को दोबारा भरने का काम सुचारू रूप से चल रहा है।
सभी पेट्रोल पंप सामान्य रूप से चल रहे हैं और तमिलनाडु तथा पुडुचेरी में उपभोक्ताओं की दैनिक ईंधन आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित