चेन्नई , अप्रैल 29 -- तेल कंपनियों ने बुधवार को कहा कि तमिलनाडु और पुडुचेरी में पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस (एलपीजी) का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, इसलिए चिंता करने की कोई ज़रूरत नहीं है।
तमिलनाडु और पुडुचेरी में तेल उद्योग (आईओसी, बीपीसी और एचपीसी) के राज्य स्तरीय समन्वयक (एसएलसी) वी सी अशोकन ने यहां जारी एक बयान में पेट्रोलियम उत्पादों और एलपीजी की उपलब्धता एवं आपूर्ति के संबंध में जनता को आश्वस्त किया। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु और पुडुचेरी के सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है।
श्री अशोकन ने कहा कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने बताया कि रिफाइनरी से लेकर टर्मिनल, डिपो और रिटेल आउटलेट्स तक पूरी आपूर्ति श्रृंखला सुचारू रूप से कार्य कर रही है। तमिलनाडु राज्य में पेट्रोल और डीजल की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सभी स्थानों पर स्टॉक स्तर की लगातार निगरानी की जा रही है। इसलिए घबराकर खरीददारी न करें।
श्री अशोकन ने कहा कि ओएमसी के निरंतर प्रयासों और तमिलनाडु सरकार की कड़ी निगरानी के कारण अधिकांश क्षेत्रों में एलपीजी सिलेंडर वितरण की प्रतीक्षा अवधि घटकर पांच दिनों से भी कम हो गई है। जिन स्थानों पर बैकलॉग अधिक है, वहां केंद्रीय स्तर पर बारीकी से नजर रखी जा रही है और वितरण समय को और कम करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित