चेन्नई, 17 फरवरी 2026 (वार्ता) तमिलनाडु के वित्त मंत्री थंगम थेन्नारासु ने मंगलवार को विधानसभा में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए अंतरिम बजट पेश किया। इस बजट में राजस्व घाटा 48,696.32 करोड़ रुपये अनुमानित है।

यह बजट आगामी विधानसभा चुनावों से ठीक पहले पेश किया गया है, जिसमें सरकार ने राजकोषीय अनुशासन, तेज आर्थिक विकास, कल्याण योजनाओं, औद्योगिक निवेश, पर्यावरण संरक्षण और बुनियादी ढांचे पर जोर दिया है। इसके साथ ही केंद्र सरकार पर राज्य के साथ अन्याय और "कृत्रिम रूप से वित्तीय संकट" पैदा करने का तीखा आरोप लगाया गया है।

बजट में राजस्व घाटा 2026-27 के लिए 48,696.32 करोड़ रुपये अनुमानित है जो 2025-26 के संशोधित अनुमान (69,219 करोड़ रुपये) से कम है। बेहतर कर प्रशासन, संग्रह दक्षता और राजस्व बढ़ोतरी उपायों से यह 2027-28 में 42,964.61 करोड़ और 2028-29 में 35,115.33 करोड़ तक घटेगा। इससे पूंजीगत व्यय के लिए अतिरिक्त जगह बनेगी।

इसमें राजस्व व्यय 2026-27 में 3,93,271.63 करोड़ रुपये (2025-26 से 3.79प्रतिशत वृद्धि), 2027-28 में 4,29,413.50 करोड़ और 2028-29 में 4,69,402.37 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है। बजट में राजकोषीय घाटा जीएसडीपी के 3.00प्रतिशत तक कम करने का लक्ष्य रखा गया है जिसे 2027-28 में 2.89 प्रतिशत और 2028-29 में 2.80 प्रतिशत तक कम करने की बात कही गयी है। यह तमिलनाडु राजकोषीय उत्तरदायित्व अधिनियम 2003 के लक्ष्यों के अनुरूप है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित