चेन्नई , सितंबर 09 -- तमिलनाडु में सत्तारूढ़ तमिझगा वेत्री कषगम और उसके सहयोगी दलों ने मुख्यमंत्री एवं टीवीके अध्यक्ष सी जोसेफ विजय के नेतृत्व में अपने नये मोर्चे का नाम 'धर्मनिरपेक्ष सामाजिक न्याय वेत्री गठबंधन' (एसएसवीए) रखा है।

इस बीच सरकार को बाहर से समर्थन दे रहे दोनों वामपंथी दल हालांकि इस गठबंधन से बाहर रहने के अपने फैसले पर कायम हैं।

यह निर्णय श्री विजय की अध्यक्षता में आयोजित नेताओं की दूसरी बैठक में लिया गया, जिसमें तमिलनाडु प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद मानिकम टैगोर, वीसीके अध्यक्ष एवं सांसद थोल तिरुमावलवन, आईयूएमएल अध्यक्ष कादर मोहिदीन और एमडीएमके महासचिव एवं सांसद वाइको शामिल हुए। जहां कांग्रेस, वीसीके और आईयूएमएल गठबंधन सरकार के घटक दल हैं, वहीं वामपंथी दल बाहर से समर्थन दे रहे हैं। एमडीएमके टीवीके का समर्थन कर रही है, हालांकि डीएमके के चुनाव चिह्न पर जीते उसके दो विधायक डीएमके के साथ ही बने हुए हैं।

गठबंधन के नाम में सत्तारूढ़ दल के नाम से 'वेत्री' (जीत) शब्द को शामिल किया जाना यह दर्शाता है कि टीवीके इस नये मोर्चे की अगुआ है, वहीं 'धर्मनिरपेक्ष' और 'सामाजिक न्याय' शब्द जोड़ना सहयोगियों का विश्वास बनाये रखने के लिए है।

महत्वपूर्ण तथ्य यह है कि यह घटनाक्रम अगले महीने की शुरुआत में होने वाले दो विधानसभा सीटों धारापुरम और मदुरंतकम के उपचुनावों के ठीक पहले सामने आया है। ये उपचुनाव अन्नाद्रमुक के उन विधायकों के इस्तीफे के बाद जरूरी हुए हैं, जो टीवीके में शामिल हो गये थे।

यह उपचुनाव श्री विजय के लिए अग्निपरीक्षा और टीवीके की 100 दिन पुरानी सरकार पर एक जनमत संग्रह जैसा होगा। इसके अलावा, टीवीके को अपनी वर्तमान 108 विधायकों की संख्या में बढ़ोतरी करने के लिए इन दोनों सीटों को जीतने के लिए सहयोगियों की आवश्यकता है, हालांकि फिर भी वह 234 सदस्यीय सदन में बहुमत के 118 के आंकड़े से थोड़ा पीछे रह जायेगी।

श्री विजय के दूर रहने के कारण मीडिया का सामना करने की जिम्मेदारी घटक दलों के नेताओं और टीवीके के वरिष्ठ नेताओं पर छोड़ दी गयी।

गठबंधन दलों के नेताओं और टीवीके के वरिष्ठ मंत्रियों आदव अर्जुन व केजी अरुणराज के साथ मौजूद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मानिकम टैगोर ने बैठक के बाद मीडिया से कहा, "गठबंधन की नींव मजबूत और वैचारिक रूप से सुसंगत है। पहली बैठक में लिये गये फैसले के अनुसार ही दूसरी बैठक में हमने गठबंधन का नामकरण किया है। श्री विजय के नेतृत्व में यह तमिलनाडु और पुडुचेरी के लिए काम करेगा।"उन्होंने कहा, "उपचुनाव के लिए उम्मीदवारों का फैसला टीवीके नीत मोर्चे द्वारा किया जायेगा और कल इसकी घोषणा की जायेगी।"श्री टैगोर, जिन्होंने पहले नये मोर्चे के कांग्रेस नीत 'इंडिया' गठबंधन का हिस्सा बनने पर विश्वास व्यक्त किया था और श्री आदव अर्जुन ने 2029 के चुनाव के लिए प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार पर पूछे गये सवाल को टालते हुए कहा, "इसका फैसला चुनाव के समय किया जा सकता है।"टीवीके के भीतर श्री विजय को प्रधानमंत्री के रूप में पेश करने और श्री आदव की 'तमिलनाडु से प्रधानमंत्री' वाली टिप्पणी से कांग्रेस असहज हो गयी थी।

टीवीके और सहयोगियों के मोर्चे के रूप में साथ आने पर वीसीके अध्यक्ष तिरुमावलवन ने कहा, "अब तक हम सरकार का समर्थन करने वाले दल थे। अब हम श्री विजय के नेतृत्व में गठबंधन के रूप में विकसित हुए हैं। यह गठबंधन सिर्फ चुनाव के लिए नहीं है। हमारा उद्देश्य न केवल तमिलनाडु में, बल्कि पूरे देश में धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय जैसे संवैधानिक आदर्शों की रक्षा करना है। हम आगामी चुनाव मिलकर लड़ेंगे।"हाल ही में हुए पार्टी सम्मेलन में श्री तिरुमावलवन ने घोषणा की थी कि वीसीके टीवीके के साथ रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित