चेन्नई , मार्च 29 -- अभिनेता एवं 'तमिलगा वेट्री कज़गम' (टीवीके) के संस्थापक विजय ने 23 अप्रैल को होने वाले तमिलनाडु विधानसभा चुनावों के लिए अपनी पार्टी का घोषणा पत्र जारी कर दिया है।

इसे 'विजय की गारंटी' का नाम देते हुए उन्होंने युवाओं के लिए 10-सूत्रीय 'ब्लूप्रिंट' और जन-केंद्रित उपायों पर आधारित एक महत्वाकांक्षी रोडमैप पेश किया है। विजय ने सभी 234 सीटों पर उम्मीदवारों की सूची भी जारी की, जिससे उन अटकलों पर विराम लग गया कि नयी पार्टी को उम्मीदवार खोजने में संघर्ष करना पड़ रहा है।

अपने घोषणा पत्र में विजय ने नशामुक्त तमिलनाडु का वादा करते हुए शिक्षण संस्थानों के पास 'एंटी-ड्रग प्रोटेक्शन जोन' बनाने और कड़े कानून लाने की बात कही है।

शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने 'शिक्षा गारंटी योजना' का प्रस्ताव रखा है, जिसके तहत वित्तीय कारणों से पढ़ाई बीच में छोड़ने वाले छात्रों को 20 लाख रुपये तक का बिना गारंटी वाला ऋण दिया जायेगा। साथ ही, उन्होंने सरकारी भर्तियों के लिए एक निश्चित कैलेंडर और एक साल के भीतर नियुक्तियां पूरी करने का आश्वासन दिया है।

युवा कल्याण के लिए विजय ने बेरोजगारी भत्ते की घोषणा की है, जिसमें 25 वर्ष से अधिक आयु के स्नातकों को 4,000 रुपये और डिप्लोमा धारकों को 2,000 रुपये प्रति माह दिए जायेंगे। इसके अलावा पांच लाख युवाओं के लिए 10,000 रुपये तक के स्टाइपेंड वाली वार्षिक इंटर्नशिप और उद्यमियों के लिए 25 लाख रुपये तक का कोलेटरल-फ्री लोन देने का वादा किया गया है।

उन्होंने स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने के लिए उन कंपनियों को प्रोत्साहन देने की बात कही है, जो 75 प्रतिशत स्थानीय युवाओं को नौकरी देंगी।

महिलाओं के लिए उन्होंने 'मधिप्पुरु महिला योजना' के तहत गृहणियों को हर महीने 2,500 रुपये देने और 'अन्नपूर्णी योजना' के जरिये साल में छह मुफ्त एलपीजी सिलेंडर देने का वादा किया है।

इसके साथ ही, 'अन्नन सीर योजना' के तहत महिलाओं के विवाह के लिए आठ ग्राम सोना और 'वेट्री ट्रैवल स्कीम' के अंतर्गत सभी सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जायेगी। स्कूली बच्चों की माताओं को 'कामराज शिक्षा आश्वासन योजना' के तहत सालाना 15,000 रुपये की वित्तीय सहायता दी जायेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित