चेन्नई , मई 25 -- किसानों को एक बड़ी राहत देते हुए तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने सोमवार को एक बड़ी घोषणा में राज्य के छोटे और सीमांत किसानों को लाभान्वित करने के लिए 5,000 रुपये से लेकर 50,000 रुपये तक के कृषि ऋण माफ करने का एलान किया।
यह घोषणा मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में राज्य सचिवालय में कृषि एवं किसान कल्याणऋ मंत्री आर. विनोद और अन्य उच्च अधिकारियों के साथ हुई एक उच्च स्तरीय बैठक के बाद की गई, जिसमें कृषि ऋण माफी की रूपरेखा पर चर्चा की गई थी।
इस ऋण माफी से ऋण लेने वाले करीब 14 लाख ,22 हजार, 555 किसानों को लाभ मिलेगा और इससे राज्य सरकार पर सालाना 2,044.46 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ेगा।
बैठक के नतीजों के आधार पर, श्री विजय ने राज्य सरकार की तंग वित्तीय स्थिति के बावजूद सहकारी बैंकों से एक मई, 2025 से 28 फरवरी, 2026 के बीच किसानों द्वारा लिए गए ऋणों को माफ करने की घोषणा की।
सरकारी घोषणा के अनुसार, जिन किसानों ने 50,000 रुपये तक का ऋण लिया है, उनमें से सीमांत किसानों के लिए 100 प्रतिशत और छोटे किसानों के लिए 50 प्रतिशत ऋण माफ किया जाएगा। वहीं 50,001 रुपये से 60,000 रुपये के बीच ऋण लेने वालों के लिए क्रमशः 40,000 रुपये और 20,000 रुपये माफ किए जाएंगे।
इसी तरह 60,001 से 70,000 रुपये के ऋण पर क्रमशः 30,000 रुपये और 15,000 रुपये; 70,001 से 80,000 रुपये के ऋण पर क्रमशः 20,000 रुपये और 10,000 रुपये; तथा 80,001 से 90,000 रुपये और 90,001 से एक लाख रुपये तक की दोनों श्रेणियों के ऋण पर क्रमशः 10,000 रुपये और 5,000 रुपये की माफी दी जाएगी।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, मुख्यमंत्री ने उन छोटे और सीमांत किसानों के लिए भी 5,000-5,000 रुपये की माफी की घोषणा की है जिन्होंने एक लाख रुपये से अधिक का ऋण लिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित