जशपुर , जून 27 -- छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में स्थित तमता-शेखरपुर-डूमरबहार मार्ग पर शनिवार को दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बाइक तेज रफ्तार में थीं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दोनों घायलों को गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और 108 एंबुलेंस की सहायता से घायलों को उपचार के लिए पत्थलगांव सिविल अस्पताल भेजा, जहां उनका इलाज जारी है।

दुर्घटना के बाद मृतक का शव काफी देर तक घटनास्थल पर पड़ा रहा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की तथा मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए।

थाना प्रभारी विनीत पांडेय ने बताया कि शेखरपुर पुलिया के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौत हुई है, जबकि दो लोग घायल हुए हैं। घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा मृतक की पहचान और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित