बांदा , फरवरी 16 -- उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के तिंदवारी थाना क्षेत्र में पुलिस ने सोमवार को बोलेरो सवार दो शातिर अभियुक्तों को तमंचा, कारतूस तथा चोरी गए एक ट्रैक्टर और दो ट्रालियों सहित गिरफ्तार किया है।

अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि विगत तीन फरवरी को तिंदवारी कस्बे से एक ट्रैक्टर-ट्राली तथा 8 फरवरी को मूंगुस गांव से एक ट्रैक्टर व ट्राली चोरी होने की घटनाएं हुई थीं, जिनके संबंध में मुकदमे दर्ज कर पुलिस टीमों का गठन किया गया था।

उन्होंने बताया कि तिंदवारी पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम गश्त व चेकिंग अभियान में लगी थी। इसी दौरान तिंदवारी कस्बे में एक बोलेरो में सवार दो संदिग्धों ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में दोनों ने ट्रैक्टर-ट्राली चोरी की घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एक तमंचा, कारतूस, चोरी का एक ट्रैक्टर तथा दो ट्रालियां बरामद की हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान चिल्ला थाना क्षेत्र के बरेठी कला गांव निवासी राजू तथा बांदा नगर कोतवाली क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी निवासी चंदन के रूप में हुई है।

अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि राजू के विरुद्ध 47 तथा चंदन के विरुद्ध 6 जघन्य अपराधों के मुकदमे पूर्व से दर्ज हैं। मामले में एक अन्य अभियुक्त की तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित