छिंदवाड़ा , अक्टूबर 02 -- मध्यप्रदेश में छिंदवाड़ा जिले के न्यूटन पुलिस चौकी क्षेत्र के काजरा गांव में शुक्रवार को ततैयों के हमले में एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि उसके साथ गए नौ वर्षीय बालिका और पांच वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद छिंदवाड़ा रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार काजरा निवासी कबूथ नागवंशी अपने पोते पांच वर्षीय अंश और नौ वर्षीय अंशिका के साथ गाय-बैल चराने गए थे। काफी देर तक बच्चों के घर नहीं लौटने पर उनकी ताई प्रीती नागवंशी ने उन्हें आवाज लगाई। आवाज सुनकर अंशिका किसी तरह घर पहुंची और बताया कि जंगल में घुमर्रे से निकलकर ततैयों ने हमला कर दिया तथा दादा और अंश बेहोश पड़े हैं।

इसके बाद प्रीती नागवंशी परिजनों और अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचीं। परिजनों ने 108 एंबुलेंस के लिए फोन किया, लेकिन तत्काल एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी। किसी तरह बुजुर्ग को वहां से घर लाया गया और फिर परासिया अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। दोनों बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद छिंदवाड़ा भेज दिया गया।

परिजनों के अनुसार बुजुर्ग पर ततैयों ने बुरी तरह हमला किया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना की सूचना पर परासिया से उप निरीक्षक हीरेश नागेश्वर जांच के लिए पहुंचे। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया।

परिजनों का कहना है कि बुजुर्ग को अस्पताल पहुंचाने के लिए तामिया की 108 एंबुलेंस उपलब्ध नहीं थी, जबकि परासिया से एंबुलेंस करीब डेढ़ घंटे बाद मिली। उनका कहना है कि समय पर उपचार मिल जाता तो बुजुर्ग की जान बच सकती थी।

स्थानीय लोगों के अनुसार जंगल में घुमर्रा पेड़ों पर बनने वाला गोल आकार का छत्ता होता है, जिसमें बड़ी संख्या में ततैया रहते हैं। इसी छत्ते से निकलकर ततैयों ने एक साथ हमला किया, जिसमें बुजुर्ग की मौत हो गई और दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित