नयी दिल्ली , मई 27 -- समुद्री मार्ग से की जाने वाली मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए भारतीय तटरक्षक बल ने गुजरात आतंकवाद-विरोधी दस्ते (एटीएस) के साथ मिलकर मुंद्रा तट से चलाये गये एक अभियान में लगभग 115 किलोग्राम कोकीन जब्त की जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 1150 करोड़ रुपये है। रक्षा मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि गुजरात आतंकवाद रोधी द्वारा साझा की गई विशिष्ट विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर सोमवार और मंगलवार को चलाया गया।
एटीएस कर्मियों से लैस तटरक्षक बल की इंटरसेप्टर नौकाओं ने मुंद्रा बंदरगाह क्षेत्र में एक व्यापक तलाशी अभियान चलाया। अभियान के दौरान, एक कंटेनर पोत पर संदिग्ध गतिविधि देखी गई। त्वरित संचालन प्रतिक्रिया और निर्बाध अंतर-एजेंसी समन्वय का प्रदर्शन करते हुए टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और समुद्र से पांच बैग सफलतापूर्वक बरामद किए। जांच करने पर थैलियों में सफेद पाउडर जैसे पदार्थ के पैकेट मिले, जिनकी जांच में कोकीन की पुष्टि हुई। इस अभियान के दौरान लगभग एक किलोग्राम वजन के कुल 115 पैकेट जब्त किए गए। इसके बाद पोत को आगे की जांच के लिए बंदरगाह पर लाया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित