चंडीगढ़ , जुलाई 01 -- राज्यसभा सांसद तरुण चुघ ने तख्त श्री हजूर साहिब से संबंधित प्रस्तावित कानून को महाराष्ट्र सरकार द्वारा स्थगित किए जाने का स्वागत करते हुए देवेंद्र फडणवीस का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सिख संगतों और विभिन्न संगठनों की भावना थी कि इस विषय पर सभी पक्षों से व्यापक चर्चा के बाद ही कोई निर्णय लिया जाये और सरकार ने उनकी भावनाओं का सम्मान किया है।

बुधवार को यहां जारी बयान में चुघ ने कहा कि तख्त श्री हजूर साहिब करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और इससे जुड़े किसी भी निर्णय में सिख समाज की धार्मिक परंपराओं एवं भावनाओं का सम्मान सर्वोपरि होना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि संवाद और सहमति के माध्यम से ऐसा समाधान निकलेगा जो संगतों की अपेक्षाओं के अनुरूप होगा।

इस अवसर पर दिल्ली में आयोजित 'पंजाबी गौरव अभिनंदन समारोह' में राज्यसभा सांसद चुने जाने के बाद 109 पंजाबी सामाजिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक संगठनों ने तरुण चुघ तथा हर्ष मल्होत्रा का नागरिक अभिनंदन किया। समारोह में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दोनों नेताओं को 'पंजाबी गौरव' अलंकरण और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।

समारोह को संबोधित करते हुए श्री चुघ ने कहा, " पंजाबी कोई कौम नहीं, बल्कि एक विचार है, जो सेवा, संघर्ष और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है।"उन्होंने कहा कि पंजाबियों का इतिहास बलिदान, साहस और अन्याय के खिलाफ संघर्ष का रहा है तथा पंजाबी पहचान को किसी धर्म या जाति तक सीमित नहीं किया जा सकता। उनके अनुसार, पंजाबी एक जीवंत सांस्कृतिक चेतना और मानवीय मूल्यों का प्रतीक है।

श्री चुघ ने सभी 109 संस्थाओं और आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज से मिला यह सम्मान उन्हें राष्ट्रसेवा और जनकल्याण के कार्यों को और अधिक समर्पण के साथ आगे बढ़ाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्यसभा में वे पंजाब, पंजाबी समाज और राष्ट्रहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाते रहेंगे।

समारोह में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, हर्ष मल्होत्रा, सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, योगेंद्र चांदोलिया, कमलजीत सहरावत, बांसुरी स्वराज, दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही, मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा, आशीष सूद, पूर्व राज्यपाल जगदीश मुखी तथा विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित