बिलासपुर , अगस्त 01 -- छत्तीसगढ़ में बिलासपुर जिले के तखतपुर क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हुए सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस से शनिवार शाम मिली जानकारी के अनुसार मुंगेली कांग्रेस जिलाध्यक्ष घनश्याम वर्मा के जन्मदिन समारोह में शामिल होने के बाद तखतपुर नगर पालिका के सीएमओ अमरेश सिंह अपने साथी के साथ स्कोडा कार से तखतपुर लौट रहे थे। इसी दौरान रात करीब 11 बजे मुंगेली-पथरिया मोड़ के पास कार की सामने से आ रही बाइक से जोरदार भिड़ंत हो गई।

हादसे में बाइक सवार ग्राम मझगांव निवासी भुनेश्वर साहू (32), किरण बांसोड़ (36) और हेमलता साहू (39) गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क पर दूर जा गिरे। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण किरण बांसोड़ और हेमलता साहू की मौत हो गई, जबकि भुनेश्वर साहू गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को उपचार के लिए बिलासपुर सिम्स रेफर किया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुर्घटना के बाद कार सवार मौके से फरार हो गए। पुलिस को घटनास्थल से कार की आगे लगी 'सीएमओ' लिखी टूटी हुई नंबर प्लेट मिली है। बाद में संबंधित कार क्षतिग्रस्त हालत में नगर पालिका परिसर में खड़ी मिली, जबकि सीएमओ अमरेश सिंह के मौके पर नहीं होने की जानकारी सामने आई है।

हालांकि पुलिस ने अभी तक कार और सीएमओ के बीच संबंध या दुर्घटना में उनकी भूमिका की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि जब्त नंबर प्लेट, वाहन की स्थिति और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है।

जरहागांव पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वहीं फरार कार चालक की पहचान और तलाश जारी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच के बाद ही हादसे की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित