पटना , सितंबर 19 -- बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने शनिवार को कहा कि तकनीक का ज्ञान आज समय की जरूरत है और बिहार के विद्यार्थियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है।

शिक्षा मंत्री ने कहा, "आवश्यकता इस बात की है कि विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने, प्रयोग करने और आगे बढ़ने के लिए उचित अवसर एवं मंच उपलब्ध कराया जाए।"श्री तिवारी ने आज आयोजित बिहार रोबोटिक्स प्रतियोगिता को संबोधित करते हुए कहा कि रोबोटिक्स, विज्ञान, तकनीक और नवाचार से जुड़े आयोजन विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच तथा समस्याओं के समाधान की क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।

हाईप्रोटेक संस्था की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में 20 से अधिक विद्यालयों के 80 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने रोबोटिक्स, विज्ञान, प्रौद्योगिकी, अभियांत्रिकी और गणित आधारित शिक्षा तथा नवाचार के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और तकनीकी कौशल का प्रदर्शन किया। इसप्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों की विजेता टीमों को पुरस्कृत किया गया।

शिक्षा मंत्री ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्हें केवल किताबों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि प्रयोग, अनुसंधान और नवाचार से भी जुड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि बिहार में शिक्षा के साथ विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तकनीकी दक्षता और रचनात्मक सोच विकसित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित