चंडीगढ़ , मई 25 -- हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा है कि तकनीकी रूप से कुशल युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराना राज्य सरकार की मुख्य प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि राज्यभर में अधिक रोजगार मेले आयोजित कर तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे छात्रों का 100 प्रतिशत प्लेसमेंट सुनिश्चित किया जाये।

शिक्षा मंत्री पंचकूला स्थित हरियाणा राज्य तकनीकी शिक्षा बोर्ड कार्यालय में सोमवार को पॉलिटेक्निक शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में उन्होंने सभी सरकारी संस्थानों, सामुदायिक कॉलेजों और इंजीनियरिंग कॉलेजों में छात्रों के लिए सुविधाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिये। उन्होंने छात्रावासों की बेहतर व्यवस्था, स्वच्छ शौचालय, पीने के पानी की सुविधा और प्रयोगशालाओं में आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा के बुनियादी ढांचे और संसाधनों में किसी प्रकार की कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अधिकारियों ने बैठक में जानकारी दी कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 में तकनीकी संस्थानों में दाखिलों में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गयी है। डिप्लोमा फार्मेसी, बीई और बीटेक जैसे कोर्सों में छात्रों की रुचि बढ़ी है और सरकारी संस्थानों और विश्वविद्यालयों में प्रवेश तेजी से बढ़े हैं।

इस पर खुशी जताते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि यह राज्य में तकनीकी शिक्षा की गुणवत्ता और विश्वसनीयता पर बढ़ते भरोसे का प्रमाण है।

बैठक में बताया गया कि वर्ष 2025-26 के दौरान विभिन्न सरकारी पॉलिटेक्निक संस्थानों में रोजगार मेले और प्लेसमेंट अभियान आयोजित किये गये, जिनके माध्यम से 4,650 छात्रों को कैंपस प्लेसमेंट मिला, जबकि 1,142 युवाओं को रोजगार मेलों के जरिए प्रतिष्ठित कंपनियों में नौकरी मिली।

इसके अलावा मॉडल ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी के तहत विभिन्न तकनीकी पदों का डेटा पूरी तरह अपडेट किया गया है, जिससे प्रशासनिक पारदर्शिता को बढ़ावा मिला है। शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को भविष्य में भी इसी पारदर्शिता और तेजी से कार्य करने के निर्देश दिये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित