बैतूल , जुलाई 14 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई नगर में समग्र पोर्टल की कथित तकनीकी गड़बड़ी के कारण साढ़े तीन वर्षीय एक जीवित बालक का रिकॉर्ड में मृत दर्ज होने का मामला सामने आया है। इस त्रुटि के चलते उसका नाम फूड कूपन में नहीं जुड़ सका।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार मुलताई के नेहरू वार्ड निवासी राजेश साहू अपने पुत्र संस्कार साहू का नाम फूड कूपन में जुड़वाने के लिए नगर पालिका पहुंचे थे। आवेदन की प्रक्रिया के दौरान परिवार आईडी का रिकॉर्ड देखने पर बालक की स्थिति 'मृत' दर्ज मिली, जिससे परिवार हैरान रह गया।
राजेश साहू ने मामले की शिकायत पूर्व पार्षद बबलू साहू के साथ मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) वीरेंद्र तिवारी से की तथा अपने पुत्र के जीवित होने संबंधी आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत किए।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला तकनीकी त्रुटि का प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका के किसी कर्मचारी की लापरवाही सामने नहीं आई है। पोर्टल में हुई त्रुटि की जानकारी संबंधित उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है तथा रिकॉर्ड में आवश्यक सुधार की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रभावित परिवार ने रिकॉर्ड में शीघ्र सुधार कर शासकीय योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित