श्रीगंगानगर , अगस्त 06 -- राजस्थान विद्युत उत्पादन मजदूर यूनियन (इंटक) ने प्रदेश महामंत्री श्यामसुंदर शर्मा के नेतृत्व में श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ तापीय संयंत्र के रेस्ट हाउस में गुरुवार को उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा को ज्ञापन सौंपकर उत्पादन निगम में कार्यरत तकनीकी कर्मचारियों की वर्षों से लंबित मांगों का शीघ्र समाधान कराने की मांग की है।
श्री शर्मा ने बताया कि उत्पादन निगम के तकनीकी कर्मचारी राज्य की विद्युत उत्पादन व्यवस्था को सुचारु एवं निर्बाध बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन उनकी कई न्यायोचित मांगें लंबे समय से लंबित हैं। इन मांगों के निराकरण में हो रही देरी से कर्मचारियों में निराशा का वातावरण बन रहा है।
ज्ञापन में वर्ष 1997 एवं 1998 में नियुक्त तकनीकी कर्मचारियों के तीन वर्ष के प्रशिक्षण काल को नियमित सेवा में जोड़कर समस्त सेवा लाभ प्रदान करने, समयबद्ध पदोन्नति नीति का लाभ मूल नियुक्ति तिथि से देने, उत्पादन निगम के नियमानुसार आर-4 श्रेणी के आवास आवंटित करने और पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) से वंचित कर्मचारियों को इसका लाभ देने की मांग की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित