चंडीगढ़ , मई 31 -- विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर पंजाब ने सार्वजनिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। केन्द्र सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे-6, 2023-24 के अनुसार पंजाब देश में तंबाकू सेवन की सबसे कम दर वाला राज्य बनकर उभरा है।
पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने रविवार को बताया कि सर्वेक्षण के अनुसार 15 वर्ष और उससे अधिक आयु के पुरुषों में तंबाकू सेवन की दर पंजाब में केवल 13.9 प्रतिशत दर्ज की गयी है, जबकि राष्ट्रीय औसत 36.3 प्रतिशत है। इसी तरह महिलाओं में तंबाकू सेवन की दर मात्र 0.5 प्रतिशत रही, जो राष्ट्रीय औसत 8.4 प्रतिशत से काफी कम है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पंजाब सरकार द्वारा तंबाकू नियंत्रण के लिए अपनायी गयी बहुआयामी रणनीति, सख्त कानूनी कार्रवाई और जनभागीदारी आधारित अभियानों का परिणाम है। राज्य सरकार ने युवाओं और बच्चों को नशे की लत से बचाने के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाये हैं।
डॉ. सिंह ने बताया कि वर्ष 2025-26 के दौरान सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (कोटपा ), 2003 के तहत नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ 22,054 चालान जारी किये गये हैं। उन्होंने कहा कि तंबाकू संबंधी अपराधों के प्रति सरकार की 'जीरो टॉलरेंस' नीति प्रभावी ढंग से लागू की जा रही है।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि तंबाकू छोड़ने के इच्छुक लोगों की सहायता के लिए राज्य के सभी जिलों में विशेष तंबाकू निवारण केंद्र स्थापित किये गये हैं, जहां परामर्श, उपचार और मनोवैज्ञानिक सहायता उपलब्ध करायी जा रही है। उन्होंने कहा कि जन-जागरूकता अभियानों के सकारात्मक परिणामस्वरूप पंजाब के 800 से अधिक गांवों ने स्वयं को 'तंबाकू मुक्त गांव' घोषित किया है। इसके अलावा राज्य के 98.6 प्रतिशत स्कूलों को राष्ट्रीय तंबाकू मुक्त शैक्षणिक संस्थान दिशानिर्देशों के अनुरूप 'तंबाकू मुक्त' घोषित किया जा चुका है।
डॉ. सिंह ने कहा कि एनएफएचएस-6 सर्वेक्षण के दौरान पंजाब में 19,616 परिवारों, 20,135 महिलाओं और 3,160 पुरुषों को शामिल किया गया था। उन्होंने इस उपलब्धि को विश्व स्वास्थ्य संगठन के तंबाकू मुक्त समाज के लक्ष्य की दिशा में पंजाब की महत्वपूर्ण सफलता बताया। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार भविष्य में भी जन-जागरूकता अभियानों को और मजबूत करेगी, कानूनों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करेगी तथा समाज को पूर्ण रूप से तंबाकू मुक्त बनाने के लिए हरसंभव प्रयास जारी रखेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित