चंडीगढ़ , जुलाई 19 -- हरियाणा ने वित्तीय वर्ष 2025-26 की पहली दो तिमाहियों में तंबाकू नियंत्रण प्रतिज्ञा अभियान में राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त किया है।
अपर मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने बताया कि राज्य के 12,865 शैक्षणिक संस्थानों को तंबाकू-मुक्त घोषित किया गया है, जिससे हरियाणा देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो गया है। राज्य ने राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम (एनटीसीपी) के तहत ये उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
राज्य में अब तक 1,128 गांवों को तंबाकू-मुक्त घोषित किया जा चुका है। तंबाकू नियंत्रण कानूनों के तहत 3,848 उल्लंघनकर्ताओं के चालान कर 1.82 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट निषेध अधिनियम, 2019 के तहत छह मामले दर्ज कर 33 ई-सिगरेट जब्त की गईं।
राज्य के सभी जिला अस्पतालों और 17 मेडिकल एवं डेंटल कॉलेजों में संचालित तंबाकू नशा मुक्ति केंद्रों के माध्यम से 20,414 लोगों को परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया गया। राज्य नोडल अधिकारी डॉ. ब्रह्मदीप सिंह ने बताया कि इस दौरान 13,524 शैक्षणिक संस्थानों का मूल्यांकन, 10,500 से अधिक तंबाकू-मुक्त प्रतिज्ञा कार्यक्रम, 4,255 स्कूल रैलियां और 4,633 जागरूकता प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित