धार , जुलाई 23 -- मध्यप्रदेश के धार जिले की कुक्षी पुलिस ने तंत्र-मंत्र के नाम पर महिला से कथित दुष्कर्म के मामले में मुख्य आरोपी तांत्रिक की मदद करने वाले दो फरार सह-आरोपियों को घटना के 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार पीड़िता ने 19 जुलाई को थाना कुक्षी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि 26 मार्च को रेवसिंह और राकेश उसे मनावर बस स्टैंड से मोटरसाइकिल पर ग्राम कड़माल स्थित एक घर में ले गए, जहां तांत्रिक कैलाश ने बीमारी का तंत्र-मंत्र से उपचार करने का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया और घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर तथा एसडीओपी सुनील गुप्ता के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने मुखबिर और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ग्राम सातपुरा मंडावदा में दबिश देकर फरार सह-आरोपी राकेश और रेवसिंह को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों आरोपियों ने महिला को मोटरसाइकिल से तांत्रिक के पास ले जाने की बात स्वीकार की। घटना में प्रयुक्त एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है। इससे पहले पुलिस मुख्य आरोपी तांत्रिक और एक अन्य सहयोगी को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित