चेन्नई , अगस्त 03 -- तमिलनाडु के तंजावुर जिले में चार दिन पहले गैस सिलेंडर धमाके में झुलसे नौ लोगों में से तीन की सोमवार को तंजावुर सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मौत हो गई।
मुख्यमंत्री विजय ने उनकी मौत पर दुख जताया और उनके परिवारों को तीन-तीन लाख रुपये का मुआवज़ा देने की घोषणा की।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि 30 जुलाई को तंजावुर ज़िले के चिन्ना अम्मांगुडी गाँव में मुरुगैयान की फूस की झोपड़ी में आग लग गई थी। इसके बाद एलपीजी सिलेंडर में धमाका हुआ, जिसमें नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पिछले चार दिनों तक इलाज के बावजूद इनमें से तीन लोगों पलानीवेल (36) और दो भाइयों कासीनाथन (39) और वेम्बैयान (52) की आज अस्पताल में मौत हो गई। जबकि गंभीर रुप से झुलसे राजशेखर (32), मुरुगैयान की पत्नी सेल्वी (41), उनकी बेटी अभिनया (15), वेम्बैयान की पत्नी कलाईरासी (39) और भुवनेश (16) और सेल्वारासु (64) जिन्हें मामूली चोटें आई थीं का अभी इलाज चल रहा है। मुख्यमंत्री श्री विजय ने अस्पताल प्रशासन को उनका बेहतरीन इलाज करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने इस दुखद घटना पर गहरा सदमा और अफ़सोस ज़ाहिर करते हुए मृतकों के परिवारों को तीन-तीन लाख रुपये का मुआवज़ा देने और उनके प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करने की घोषणा की।
उन्होंने मुख्यमंत्री राहत कोष से गंभीर रूप से झुलसे लोगों को एक-एक लाख रुपये और मामूली रूप से झुलसे व्यक्ति को 50,000 रुपये की सहायता देने की भी घोषणा की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित