बैतूल , अक्टूबर 26 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के ढोलेवार कुनबी समाज के सामुदायिक भवन निर्माण और कुलदेवी अंबा माई मंदिर के विकास कार्यों के लिए कुल 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने सामुदायिक भवन के लिए 20 लाख रुपये और आमला के खानापुर स्थित अंबा माई मंदिर के विकास के लिए पांच लाख रुपये मंजूर किए हैं।
जानकारी के अनुसार, ढोलेवार कुनबी समाज संगठन के प्रतिनिधियों ने हाल ही में विधायक हेमंत खंडेलवाल से मुलाकात कर दोनों कार्यों के लिए आर्थिक सहयोग की मांग की थी। प्रतिनिधियों के अनुरोध पर विधायक ने राशि स्वीकृत की।
स्वीकृति मिलने के बाद समाज के पदाधिकारियों और सदस्यों ने विधायक निवास पहुंचकर हेमंत खंडेलवाल का शाल और श्रीफल भेंट कर स्वागत किया तथा आभार व्यक्त किया। समाजजनों के अनुसार, सामुदायिक भवन बनने से सामाजिक बैठकों, आयोजनों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए स्थायी स्थान उपलब्ध होगा। वहीं, अंबा माई मंदिर में विकास कार्य होने से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। इस अवसर पर समाज के जिला अध्यक्ष भोलाराम कोकाटे, पूर्व जिला अध्यक्ष रेवती प्रसाद सरले सहित समाज के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित