सागर , जून 25 -- मध्यप्रदेश में सागर जिले के बांदरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक ढाबे पर संचालित अवैध शराब कारोबार का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 338.58 बल्क लीटर अवैध शराब, 198 बीयर केन और 9.20 लाख रुपये नकद जब्त किए हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार एसडीओपी खुरई प्रवीण अस्थाना के नेतृत्व में कस्बा भ्रमण के दौरान सूचना मिली थी कि बांदरी स्थित सौरभ ढाबा में बड़े पैमाने पर अवैध शराब का संग्रहण और विक्रय किया जा रहा है। सूचना के आधार पर उपनिरीक्षक शशिकांत गुर्जर के नेतृत्व में पुलिस दल ने ढाबे पर दबिश दी।
तलाशी के दौरान ढाबे के विभिन्न स्थानों से 1280 पाव देशी एवं अंग्रेजी शराब तथा 198 बीयर केन बरामद की गई। कुल 1478 पाव यानी 338.58 बल्क लीटर अवैध मदिरा की अनुमानित कीमत 2 लाख 22 हजार 400 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने मौके से शराब बिक्री से प्राप्त 9 लाख 20 हजार रुपये नकद भी जब्त किए। जब्त सामग्री का कुल मूल्य लगभग 11 लाख 42 हजार रुपये बताया गया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बांदरी निवासी सौरभ साहू (32) और पिठौरिया निवासी सुमित राय (22) को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित