बैतूल , मई 07 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले की कोतवाली पुलिस ने ढाबा मैनेजर के साथ मारपीट और अड़ीबाजी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार काका ढाबा बैतूल निवासी जितेंद्र नायक ने शिकायत दर्ज कराई थी कि बुधवार रात कुछ युवक ढाबे पर पहुंचे और शराब की मांग करने लगे। शराब नहीं मिलने पर उन्होंने पैसे मांगे और विरोध करने पर मारपीट की। शिकायत के आधार पर कोतवाली थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 346/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं एसडीओपी सुनील लाटा के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गीतांशु उर्फ मोटू झरबड़े निवासी चंद्रशेखर वार्ड, सदर बैतूल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जबकि मामले के दूसरे आरोपी सागर की तलाश जारी है। कार्रवाई में निरीक्षक देवकरण डेहरिया सहित पुलिस टीम की विशेष भूमिका रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित