भोपाल , जनवरी 14 -- बैतूल जिले के भैंसदेही क्षेत्र अंतर्गत ढाबा गांव में करीब 20 लाख रुपये की लागत से बने स्कूल भवन को ढहाए जाने के मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इस कार्रवाई को लेकर मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है।
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा कि एक तरफ सरकार 'पढ़ेगा इंडिया तो बढ़ेगा इंडिया' का नारा देती है, वहीं दूसरी ओर बैतूल के ढाबा गांव में शिक्षा के लिए बने स्कूल भवन को तोड़ दिया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब ग्राम सरपंच की एनओसी मौजूद थी और भवन शिक्षा के उद्देश्य से बनाया गया था, तो मामूली तकनीकी कमियों पर जुर्माना लगाने या सुधार कराने के बजाय भवन को ढहाना कहां का न्याय है।
उन्होंने अपने पोस्ट में यह भी कहा कि क्या मध्य प्रदेश में विकास का मतलब अब सिर्फ बुलडोजर कार्रवाई रह गया है। उमंग सिंघार के अनुसार यह स्कूल भवन आसपास के गांवों के लिए शिक्षा का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनने वाला था, लेकिन भाजपा सरकार की शिक्षा विरोधी सोच के चलते उसे तोड़ दिया गया।
नेता प्रतिपक्ष ने यह भी उल्लेख किया कि ढाबा गांव उसी बैतूल जिले का हिस्सा है, जहां से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब प्रदेश अध्यक्ष के जिले में ही शिक्षा के मंदिरों को तोड़ा जा रहा है, तो प्रदेश के अन्य हिस्सों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
उमंग सिंघार ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने पिछले पांच वर्षों में प्रदेश में लगभग 29 हजार से अधिक सरकारी स्कूलों को बंद कराया है और अब निजी स्तर पर बनाए जा रहे स्कूलों को भी नहीं बनने दिया जा रहा। उन्होंने इसे प्रदेश को अशिक्षा के अंधकार की ओर धकेलने वाला कदम बताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित