रायपुर , अगस्त 03 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के ढाई साल के कार्यकाल को लेकर निशाना साधते हुए आरोप लगाया है कि साय सरकार राज्य के हर वर्ग की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई है और उसके खिलाफ जनता में आक्रोश है।
श्री बैज ने कहा कि भाजपा ने मोदी की गारंटी के नाम पर जनता से समर्थन हासिल किया, लेकिन ढाई साल में एक भी प्रमुख वादा पूरा नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि किसान, युवा, कर्मचारी, महिलाएं और आदिवासी सहित समाज के सभी वर्ग सरकार से निराश हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सरकारी भर्तियों में अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं। उन्होंने दावा किया कि वन गार्ड, पुलिस आरक्षक और राजस्व निरीक्षक जैसी भर्तियों में गड़बड़ियों को लेकर युवाओं में नाराजगी है। उन्होंने आदिवासियों और किसानों की जमीनों के अधिग्रहण को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए।
श्री बैज ने महतारी वंदन योजना को लेकर भी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि योजना के नाम पर महिलाओं के साथ धोखा किया गया है। वहीं कर्मचारियों और अनियमित कर्मियों की मांगों को लेकर भी सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि बिजली दरों में बढ़ोतरी, भूमि गाइडलाइन दरों में वृद्धि और छोटे भूखंडों की रजिस्ट्री पर रोक जैसे फैसलों से आम जनता परेशान है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने पिछली कांग्रेस सरकार की कई जनकल्याणकारी योजनाओं को बंद कर दिया। इनमें बिजली बिल हाफ योजना, राजीव मितान योजना, गोधन न्याय योजना, बेरोजगारी भत्ता, रीपा, कर्ज माफी सहित कई योजनाएं शामिल हैं।
श्री बैज ने कानून व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराध की घटनाओं में वृद्धि हुई है और हत्या, लूट, चाकूबाजी, महिलाओं के खिलाफ अपराध तथा नक्सली घटनाओं पर सरकार प्रभावी नियंत्रण नहीं कर पा रही है।
उन्होंने कहा कि ढाई साल के कार्यकाल में सुशासन का दावा धरातल पर नजर नहीं आ रहा है और प्रदेश की जनता सरकार से जवाब मांग रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित