चंडीगढ़ , अगस्त 19 -- हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने बुधवार को सोनीपत के गन्नौर क्षेत्र के दातौली गांव स्थित पीएम श्री जीजीएसएसएस का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने स्कूल परिसर की स्वच्छता, बुनियादी सुविधाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उन्होंने कक्षाओं में जाकर छात्रों से सीधे बातचीत की और शिक्षा की गुणवत्ता, शिक्षकों की उपस्थिति, शिक्षण सामग्री तथा उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। छात्रों की समस्याएं सुनते हुए उन्होंने अधिकारियों को उनकी शिकायतों और जरूरतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिये।
श्री ढांडा ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए नीतियां बनाने के साथ-साथ उनके जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन की निगरानी भी जरूरी है। इसी उद्देश्य से वह लगातार सरकारी स्कूलों और कॉलेजों का औचक निरीक्षण कर रहे हैं। पिछले 11 दिनों में उन्होंने पंचकुला के सरकारी महाविद्यालय, बस्तारा महिला सरकारी महाविद्यालय, पानीपत सेक्टर-18 के सरकारी महाविद्यालय और निजामपुर के सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का भी निरीक्षण किया है।
उन्होंने शिक्षकों और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सरकारी शिक्षण संस्थानों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिक्षकों को पूरी निष्ठा से जिम्मेदारी निभाने और स्कूलों में स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य सरकारी स्कूलों और कॉलेजों में ऐसा वातावरण तैयार करना है, जहां प्रत्येक बच्चे को उसकी आर्थिक स्थिति की परवाह किये बिना गुणवत्तापूर्ण और बेहतर शिक्षा मिल सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित