ऋषिकेश , मई 18 -- उत्तराखंड में ऋषिकेश कोतवाली पुलिस ने सोमवार को नशा तस्करी के खिलाफ अभियान चलाते हुए एक युवक को 5.81 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ड्राइवरों को स्मैक बेचने की फिराक में था।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि सोमवार को संयुक्त यात्रा बस अड्डा परिसर स्थित ट्रांजिट कैंप के पीछे पुलिस टीम जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को रोककर उसकी तलाशी ली। पूछताछ में उसने अपना नाम राहिल पुत्र मेहताब (24) निवासी चन्द्रेश्वरनगर, ऋषिकेश बताया।

पुलिस ने तलाशी के दौरान आरोपी एक पन्नी फेंकने का प्रयास करने लगा लेकिन पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। पन्नी की जांच करने पर उसमें भूरे रंग का क्रिस्टलीय पदार्थ मिला, जो जांच में स्मैक निकला।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे के आदी वाहन चालकों को स्मैक बेचने के लिए लाया था। स्मैक बेचकर मिलने वाले पैसों से वह अपनी नशे की लत पूरी करता था।

पुलिस ने उसके खिलाफ मादक औषधि एवं मनोरोगी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित