चमोली , अक्टूबर 04 -- उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से चलाए जा रहे 'ड्रग्स फ्री देवभूमि' अभियान के तहत चमोली पुलिस ने रविवार को नशे की खेती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस, वन विभाग, समाज कल्याण विभाग और विधिक सेवा प्राधिकरण की संयुक्त टीम ने देवाल क्षेत्र के रामपुर तोक में करीब 70 नाली भूमि पर की जा रही अवैध भांग की खेती को चिह्नित कर नष्ट कर दिया।

पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत एसओजी चमोली और चौकी देवाल की टीम ने अन्य विभागों के साथ मिलकर क्षेत्र में अभियान चलाया। टीम ने रामपुर तोक और आसपास के इलाकों का निरीक्षण करते हुए अवैध रूप से उगाई गई भांग की फसल को नष्ट किया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ग्रामीणों को स्पष्ट किया कि अवैध रूप से भांग की खेती करना कानूनन अपराध है और ऐसा करते पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए अपने आसपास उगी जंगली भांग को भी सामूहिक प्रयास से नष्ट करने की अपील की।

पुलिस ने ग्रामीणों से युवाओं को नशे से दूर रखने और नशे के अवैध कारोबार की सूचना पुलिस-प्रशासन तक पहुंचाने का आह्वान भी किया।

अभियान के दौरान ग्रामीणों को केवल नशे के खिलाफ ही नहीं, बल्कि बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति भी जागरूक किया गया। प्रभारी एसओजी उपनिरीक्षक सतेन्द्र बुटोला ने ग्रामीणों को फर्जी केवाईसी अपडेट, बैंक या एटीएम बंद होने का झांसा, ऑनलाइन निवेश एवं ट्रेडिंग, फर्जी लोन, नौकरी के नाम पर ठगी, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कस्टमर केयर तथा संदिग्ध लिंक और क्यूआर कोड के जरिए होने वाली साइबर ठगी के तरीकों की जानकारी दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित