ऋषिकेश, जून, 23 -- उत्तराखंड के ऋषिकेश में मुनि की रेती क्षेत्र में तैनात शिवपुरी चौकी प्रभारी विनोद शर्मा की मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि रात्रि ड्यूटी पूरी करने के बाद वह अपने निजी वाहन से चौकी लौट रहे थे, तभी रास्ते में वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चौकी प्रभारी विनोद शर्मा रातभर ड्यूटी पर तैनात रहने के बाद सुबह शिवपुरी की ओर लौट रहे थे। प्रारंभिक जानकारी में माना जा रहा है कि अत्यधिक थकान के कारण उन्हें वाहन चलाते समय नींद की झपकी आ गई, जिससे वाहन सड़क से नीचे खाई में जा गिरा।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ तथा स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहन तक पहुंचकर विनोद शर्मा को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी।

घटना की खबर फैलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। अधिकारियों और सहकर्मियों ने विनोद शर्मा को एक कर्तव्यनिष्ठ, ईमानदार और समर्पित पुलिस अधिकारी बताते हुए गहरा दुख व्यक्त किया। वहीं, हादसे की सूचना मिलते ही उनके परिजनों में मातम छा गया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। चौकी प्रभारी के निधन से क्षेत्र में शोक का माहौल है और पुलिस विभाग ने एक समर्पित अधिकारी को खो दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित