कोंडागांव , जून 03 -- छत्तीसगढ़ में कोंडागांव जिले के केशकाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ एक चिकित्सक पर ड्यूटी के दौरान कथित रूप से शराब के नशे में अस्पताल पहुंचने, मरीजों एवं परिजनों से अभद्र व्यवहार करने तथा पत्रकारों से हाथापाई का प्रयास करने के आरोप लगे हैं।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आज पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने मामले का संज्ञान लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार केशकाल निवासी वसीम मेमन अपने बीमार पिता का उपचार कराने अस्पताल पहुंचे थे। उनका आरोप है कि ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. शैलेंद्र भोयर ने मरीज का परीक्षण नहीं किया और उपचार का अनुरोध करने पर परिजनों के साथ अभद्र व्यवहार किया। परिजनों ने आरोप लगाया कि चिकित्सक ने हाथ उठाने का भी प्रयास किया।
मामले की सूचना मिलने पर स्थानीय पत्रकार अस्पताल पहुंचे तो चिकित्सक ने उनके साथ भी कथित रूप से हाथापाई करने का प्रयास किया। इसके बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। सूचना पर पहुंची केशकाल पुलिस चिकित्सक को थाने ले गई और शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी।
स्थानीय पार्षद भूपेश चंद्राकर ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि चिकित्सकों को समाज में विशेष सम्मान प्राप्त है, लेकिन यदि कोई चिकित्सक नशे की हालत में ड्यूटी करता है तो यह गंभीर विषय है। उन्होंने चिकित्सक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
अस्पताल की स्टाफ नर्स कांति मंडावी ने दावा किया कि संबंधित चिकित्सक के खिलाफ पहले भी शराब के नशे में ड्यूटी करने और मरीजों से दुर्व्यवहार की शिकायतें सामने आ चुकी हैं, जिसकी जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई थी।
केशकाल के खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) डॉ. डी.के. बिसेन ने बताया कि चिकित्सक के विरुद्ध पूर्व में भी शिकायतें प्राप्त हुई थीं और उन्हें नोटिस जारी किया गया था। उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है तथा विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया नियमानुसार की जाएगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) आर.के. चतुर्वेदी ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है और केशकाल बीएमओ से तथ्यात्मक प्रतिवेदन मांगा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित