भोपाल , अगस्त 19 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के कमला नगर थाना क्षेत्र स्थित सीएसडी कैंप डिपो में ड्यूटी के दौरान एसएसबी के 35 वर्षीय जवान संदीप खरमटे ने सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली।
पुलिस के अनुसार जवान ने जबड़े के नीचे राइफल सटाकर गोली चलाई। गोली सिर के आर-पार हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पत्नी के अनुसार बुधवार सुबह करीब चार बजे विभाग की ओर से उन्हें पति की मौत की सूचना दी गई। संदीप से उनकी आखिरी बार मंगलवार रात करीब 10 बजे बातचीत हुई थी। उस समय उन्होंने बताया था कि वह ड्यूटी पर हैं। इसके बाद दोनों के बीच कोई बातचीत नहीं हुई।
पुलिस को संदीप के पास से मराठी भाषा में लिखा सुसाइड नोट भी मिला है, जिसे अनुवाद के लिए भेजा गया है। कमला नगर थाना प्रभारी निरूपा पांडे के अनुसार नोट में प्रारंभिक रूप से पत्नी से माफी मांगने और निजी कारणों से आत्महत्या करने की बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार सुसाइड नोट का पूरा अनुवाद होने के बाद घटना के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। परिजनों के विस्तृत बयान अभी दर्ज किए जाने हैं। पुलिस जवान के साथियों और विभागीय अधिकारियों से भी पूछताछ कर रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित