उत्तरकाशी , जुलाई 07 -- उत्तराखंड में उत्तरकाशी जिले के डोडिताल के समीप पखोटी बुग्याल में सोमवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मांझी गांव के पशुपालकों की करीब 300 बकरियों की मौत हो गई, जबकि लगभग 250 बकरियां अब भी लापता हैं। घटना से क्षेत्र के पशुपालकों को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार जिले के भटवाड़ी विकासखंड की अस्सी गंगा घाटी स्थित डोडिताल के पास पखोटी बुग्याल में बिजली गिरने से यह हादसा हो सकता है। हालांकि, प्रशासन और पशुपालन विभाग की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि बकरियों की मौत बिजली गिरने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित