जयपुर , अक्टूबर 20 -- राजस्थान में राजधानी जयपुर में एनएसयूआई नेता रितु बराला के साथ नयी दिल्ली में कथित मारपीट के मामले की जीरो प्राथमिकी दर्ज करने की मांग को लेकर जयपुर पुलिस आयुक्तालय पर प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के नेतृत्व में कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का धरना एवं प्रदर्शन मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। प्राथमिकी दर्ज नहीं होने पर श्री डोटासरा ने सोमवार को जयपुर पुलिस आयुक्तालय पर धरना शुरू कर दिया था जो रात में भी जारी रहा। देर रात में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी धरने में शामिल हुए। मंगलवार को भी धरना जारी है और आयुक्तालय के सामने कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं।

सुबह से ही पुलिस आयुक्तालय के सामने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के आने का सिलसिला शुरू हो गया था। प्रदर्शनकारी पुलिस एवं राज्य सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने दोपहर में नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। उन्होंने 'रितु बराला को न्याय दो' के नारे लगाकर विरोध जताया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित