महिदपुर (उज्जैन) , जून 17 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि डोंगला से गुजरने वाला नया फोरलेन मार्ग महिदपुर क्षेत्र के विकास को नई दिशा देगा और यह क्षेत्र की नई तकदीर लिखने का कार्य करेगा।

डॉ. यादव ने बुधवार को उज्जैन जिले के महिदपुर में 207 करोड़ 57 लाख रुपये लागत के 19 विकास कार्यों के लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत उज्जैन और आसपास के क्षेत्रों में हजारों करोड़ रुपये के विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिदपुर परिवहन क्षेत्र में पहले से ही अपनी अलग पहचान रखता है और नए फोरलेन से यहां आर्थिक एवं सामाजिक गतिविधियों को और गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक के माध्यम से 207.57 करोड़ रुपये लागत के 19 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इनमें लगभग 188.42 करोड़ रुपये लागत के सामाकोटा बैराज के अलावा 13 उप स्वास्थ्य केंद्रों के नए भवन, महाविद्यालय एवं विद्यालय भवन तथा नवीन विद्युत उपकेंद्र शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि सामाकोटा बैराज जल संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण परियोजना है, जिससे भू-जल स्तर में सुधार होगा और किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध हो सकेगा। यह परियोजना आगामी सिंहस्थ और उज्जैन क्षेत्र की भविष्य की जल आवश्यकताओं को पूरा करने में भी सहायक होगी।

डॉ. यादव ने कहा कि महिदपुर का धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व विशेष है। भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता से जुड़े इस क्षेत्र में स्थित डोंगला का काल गणना के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि डोंगला में आधुनिक वेधशाला स्थापित की गई है और इसे वैश्विक समय निर्धारण के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसान कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में सिंचित क्षेत्र को बढ़ाने के प्रयास लगातार जारी हैं और आगामी ढाई वर्षों में इसे 100 लाख हेक्टेयर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिया जा रहा है तथा सिंचाई के लिए दिन में भी बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लाड़ली बहना योजना, किसान सम्मान निधि और अन्य कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। कार्यक्रम को जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद अनिल फिरोजिया और विधायक दिनेश जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित