राजनांदगांव , मई 13 -- छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ शहर में आज वार्ड क्रमांक-5 स्थित आम्बेडकर भवन में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम उस समय अव्यवस्था की स्थिति में बदल गया, जब लंबे समय से पट्टा वितरण की मांग कर रहे स्थानीय निवासियों ने कार्यक्रम का विरोध शुरू कर दिया। आक्रोशित वार्डवासियों ने भवन में ताला जड़कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की, जिससे मौके पर तनावपूर्ण माहौल निर्मित हो गया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि वर्षों से पट्टा नहीं मिलने के कारण वे प्रधानमंत्री आवास योजना सहित कई शासकीय योजनाओं के लाभ से वंचित हैं। उनका कहना है कि कई बार आवेदन और मांग करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ, जिससे क्षेत्र में असंतोष बढ़ता गया।
मिली जानकारी के अनुसार, आम्बेडकर भवन में लगभग डेढ़ घंटे तक ताला बंद रहा, जिसके कारण सुशासन तिहार का कार्यक्रम प्रभावित हो गया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस बल की बड़ी संख्या मौके पर तैनात की गई। इसके बाद पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए बल प्रयोग के बीच ताला खुलवाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित