, Nov. 10 -- डॉ. सिन्हा मानते थे कि किसी समाज की वास्तविक स्वतंत्रता तभी सार्थक हो सकती है, जब उसके नागरिक शिक्षित, जागरूक और विवेकशील हों। शिक्षा के क्षेत्र में उनका योगदान इसी व्यापक दृष्टि का परिणाम था। वर्ष 1936 से 1944 तक वे पटना विश्वविद्यालय के कुलपति रहे। इस दौरान उन्होंने उच्च शिक्षा के विकास, विश्वविद्यालय की शैक्षणिक प्रतिष्ठा और ज्ञान-विज्ञान के प्रसार को महत्व दिया।
डॉ. सिन्हा पुस्तकालयों को समाज की बौद्धिक संपदा मानते थे। इसी सोच के तहत उन्होंने अपनी पत्नी राधिका सिन्हा की स्मृति में वर्ष 1924 में पटना में राधिका सिन्हा इंस्टीट्यूट और सच्चिदानंद सिन्हा लाइब्रेरी की स्थापना की। यह पुस्तकालय आगे चलकर बिहार के महत्वपूर्ण सार्वजनिक पुस्तकालयों में शामिल हुआ। आज भी यह संस्थान उनके ज्ञान और शिक्षा के प्रति समर्पण की याद दिलाता है।
पत्रकारिता को भी उन्होंने जनजागरण का प्रभावशाली माध्यम बनाया। वे 'हिन्दुस्तान रिव्यू' के संपादक रहे और 'बिहार टाइम्स', 'द इंडियन पीपुल' तथा 'द सर्चलाइट' जैसे प्रकाशनों से जुड़े। वर्ष 1918 में 'द सर्चलाइट' की स्थापना में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके लिए पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को शिक्षित करने, शासन की नीतियों पर विमर्श करने और जनता में राजनीतिक चेतना विकसित करने का साधन थी। उन्होंने लेखन के माध्यम से बिहार की समस्याओं और राष्ट्रीय प्रश्नों को व्यापक मंच प्रदान किया।
डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा का निधन 6 मार्च 1950 को हुआ। स्वतंत्र भारत के शुरुआती दिनों में उनका जाना देश के लिए एक बड़ी क्षति थी। उनके निधन पर संसद में श्रद्धांजलि देते हुए सरदार वल्लभभाई पटेल ने उन्हें आधुनिक बिहार का जनक बताते हुए उनके असाधारण योगदान को याद किया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित