मुंबई , अगस्त 29 -- ैन इंडिया सुपरस्टार डॉ. शिवराजकुमार की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'ओरिजिनल मॉन्स्टर' (ओएम) का पोस्टर और मोशन पोस्टर जारी कर दिया गया है। फिल्ममेकर आर. चंद्रू के निर्देशन में बन रही इस फिल्म की पहली झलक में डॉ. शिवराजकुमार बेहद रौद्र और इंटेंस अंदाज में नजर आ रहे हैं।

फिल्म के पोस्टर में खून, तबाही और अफरा-तफरी के बीच डॉ. शिवराजकुमार का खूंखार अवतार नजर आता है। उनकी दमदार स्क्रीन प्रेजेंस फिल्म की डार्क और रॉ दुनिया की झलक पेश करती है। पोस्टर सामने आने के साथ ही फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है।

फिल्म के निर्देशक आर. चंद्रू ने कहा कि 'ओरिजिनल मॉन्स्टर' को खास रॉनेस, स्केल और इंटेंसिटी के साथ तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि जब इस किरदार पर चर्चा शुरू हुई, तभी तय हो गया था कि इसके लिए ऐसी शख्सियत चाहिए, जिसकी स्क्रीन प्रेजेंस बेहद प्रभावशाली हो। डॉ. शिवराजकुमार इस किरदार के लिए बिल्कुल सही चुनाव हैं। यह सिर्फ एक और एक्शन फिल्म नहीं, बल्कि एक पूरी दुनिया है, जिसे बेहद जुनून के साथ तैयार किया जा रहा है।

डॉ. शिवराजकुमार ने कहा कि जिस समय आर. चंद्रू ने उन्हें 'ओरिजिनल मॉन्स्टर' की कहानी सुनाई, उसी वक्त उन्हें किरदार की एनर्जी और खासियत महसूस हो गई थी। उन्होंने कहा कि यह किरदार काफी इंटेंस और पावरफुल है तथा दर्शकों ने उन्हें पहले जिन भूमिकाओं में देखा है, उससे काफी अलग है। उन्होंने कहा कि 'ओएम' उनके लिए बेहद रोमांचक सफर रहा है और वह इस नए अवतार को दर्शकों तक पहुंचाने के लिए उत्सुक हैं।

मशहूर निर्माता एवं प्रेजेंटर आनंद पंडित ने कहा कि 'ओरिजिनल मॉन्स्टर' जबरदस्त महत्वाकांक्षा और विजन के साथ बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि डॉ. शिवराजकुमार को इस खूंखार नए अवतार में देखना बेहद रोमांचक है। आर. चंद्रू के पास फिल्म के लिए मजबूत विजन है और यह फिल्म बड़े स्केल, इंटेंसिटी तथा अनोखे सिनेमाई अनुभव का वादा करती है।

'ओरिजिनल मॉन्स्टर' आरसी स्टूडियोज की प्रस्तुति है। फिल्म का निर्देशन आर. चंद्रू ने किया है। फिल्म में डॉ. शिवराजकुमार मुख्य भूमिका में हैं। यमुना चंद्रू फिल्म की निर्माता हैं, जबकि आनंद पंडित इसे प्रस्तुत कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित