नयी दिल्ली , जून 23 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भारतीय जन संघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 73 वीं पुण्यतिथि के मौके पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने हुए मंगलवार को कहा कि डॉ. मुखर्जी का त्याग हर कार्यकर्ता को राष्ट्रहित में समर्पण की भावना से निरंतर काम करने के लिए प्रेरित करता है।
श्री नवीन ने यहां पार्टी मुख्यालय में डॉ. मुखर्जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद कहा, "डॉ. मुखर्जी जी का त्याग और देशभक्ति हम सभी के लिए एक मार्गदर्शक प्रकाश का काम करते हैं। उन्होंने अपना पूरा जीवन 'राष्ट्र प्रथम' के संकल्प के लिए समर्पित कर दिया। उनका त्याग हर कार्यकर्ता को राष्ट्रहित में समर्पण की भावना के साथ निरंतर काम करने के लिए प्रेरित करता है।"उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने जो सपना देखा था और जिसके लिए उन्होंने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया, वह आज पूरा हो गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अनुच्छेद 370 को हटाना डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी को सच्ची श्रद्धांजलि है।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल, असम और पंजाब की रक्षा के लिए उन्होंने जो संघर्ष किया था, उसकी गूंज आज बंगाल में भाजपा सरकार के गठन में सुनाई देती है। यह इस बात का स्पष्ट संकेत है कि जनता भाजपा के 'कमल' के साथ खड़ी है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जिस सोच और भावना के साथ उन्होंने जनसंघ की स्थापना की थी, आज लाखों भाजपा कार्यकर्ता उसी भावना के साथ भारत को आगे बढ़ाने में जुटे हैं।
श्री नवीन ने आज करोलबाग जिला भाजपा द्वारा आयोजित डॉ. मुखर्जी के जीवन पर आयोजित संगोष्ठी को भी सम्बोधित किया और डॉ. मुखर्जी के जीवन चरित्र का परिचय कराते हुए उनके भारत सरकार में मंत्री पद त्याग कर राष्ट्र हित में जनसंघ की स्थापना करने से लेकर कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग बनाये रखने के लिए किए आंदोलन और फिर जीवन बलिदान का उल्लेख करते हुए उन्हे भावभीनी श्रद्धांजली अर्पित की।
इस मौके पर श्री नवीन के साथ ही दिल्ली भाजपा अध्यक्ष श्री मल्होत्रा और सांसद बाँसुरी स्वराज ने भी संगोष्ठी को सम्बोधित किया।
इस मौके पर प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल, उपाध्यक्ष विनय रावत, विधायक हरीश खुराना और श्री उमंग बजाज और पूर्व विधायक श्री अनिल बाजपेई भी मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित