उज्जैन , अप्रैल 18 -- मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर को कांग्रेस ने चुनाव लड़ाया भी और हराया भी।

भारतीय जनता पार्टी की नगर इकाई द्वारा डॉ. अंबेडकर जयंती पखवाड़े के तहत लोकशक्ति भवन में आयोजित विचार गोष्ठी में उन्होंने कहा कि पहले कांग्रेस ने उनके खिलाफ उम्मीदवार न उतारने की बात कही, लेकिन बाद में उम्मीदवार खड़ा कर उन्हें पराजित किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने डॉ. अंबेडकर को सम्मान नहीं दिया, जबकि भारत रत्न भाजपा गठबंधन की सरकार ने प्रदान किया।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अंबेडकर का जीवन संघर्ष, शिक्षा और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों को समान अधिकार दिलाने के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उन्होंने कहा कि अंबेडकर ने शिक्षा को सामाजिक क्रांति का सबसे बड़ा माध्यम बताया और "शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो" का संदेश दिया, जो आज भी प्रासंगिक है। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार ने अंबेडकर से जुड़े प्रमुख स्थलों को "पंचतीर्थ" के रूप में विकसित किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित