जालंधर , अप्रैल 14 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेशाध्यक्ष सुनील जाखड़ ने मंगलवार को कहा कि संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के सिद्धांत आज भी हमारे लिए प्रेरणा स्रोत है।
श्री जाखड़ के नेतृत्व में पार्टी नेताओं ने आज बाबा साहेब की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए और भारत माता के इस महान सपूत के देश को दिए योगदान को नमन किया।
इस मौके पर बोलते हुए श्री जाखड़ ने कहा कि दबे-कुचले वर्गों के मसीहा डॉ. अंबेडकर का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है जितना स्वतंत्रता संग्राम और संविधान निर्माण के समय था। उन्होंने कहा कि संगठित होने, जागरूक बनने और संघर्ष करने का उनका मंत्र मानवता के लिए स्थायी सिद्धांत बन चुका है।
उन्होंने कहा कि समाज को एकजुट करने में उनका योगदान अमूल्य है, लेकिन साथ ही हमें उन ताकतों से सावधान रहने की जरूरत है जो समाज में विभाजन पैदा करती हैं और यहां तक कि समानता की बात करने वाले बाबा साहेब की मूर्तियों को भी खंडित करने से नहीं चूकतीं। समाज को ऐसे तत्वों के एजेंडे से सतर्क रहना होगा।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि बाबा साहेब ने पिछड़े वर्गों को समाज में बराबरी दिलाने के लिए जो कार्य किया, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनके प्रेरक सिद्धांतों का पालन करते हुए आज प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार "सबका साथ, सबका विकास" की नीति पर चल रही है, ताकि बिना किसी भेदभाव के हर वर्ग तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंच सके।
श्री जाखड़ ने एक सवाल के जवाब में पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर टिप्पणी करते हुए कहा कि इस सरकार ने बाबा साहेब और शहीद भगत सिंह की तस्वीरें तो लगाई हैं, लेकिन उनके सिद्धांतों का जिस तरह से हनन किया है, वैसा पहले कभी नहीं हुआ। उन्होंने इसे विज्ञापन आधारित सरकार बताया, जिसके काम केवल प्रचार में ही दिखाई देते हैं।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि अपने चार साल के असफल कार्यकाल को पूरा करने के बाद यह सरकार महिलाओं के लिए नकद राशि की योजना लेकर आई है, ताकि अपनी विफलताओं पर पर्दा डाला जा सके। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार राज्य को आर्थिक रूप से दिवालिया बना रही है और खराब वित्तीय प्रबंधन के कारण कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल रहा। करीब 15 हजार करोड़ रुपये का डीए अभी तक नहीं दिया गया है, और उच्च न्यायालय के आदेश के बावजूद सरकार इसे देने के बजाय अपील करने जा रही है, जो उसके जनविरोधी रवैये को दर्शाता है।
एक अन्य सवाल के जवाब में भाजपा अध्यक्ष ने बीबीएमबी में पंजाब कोटे की 1780 खाली पड़ी पदों पर चिंता जताते हुए कहा कि राज्य सरकार बीबीएमबी के मुद्दों को उलझाने में लगी रहती है, लेकिन अपने हिस्से की रिक्तियां भरने की दिशा में कोई ध्यान नहीं दे रही है।
इस मौके पर मुख्य रूप से उपस्थित भाजपा जिला जालंधर शहरी के अध्यक्ष सुशील शर्मा पूर्व लोकसभा सांसद सुशील कुमार रिंकू पूर्व विधायक शीतल अंगूराल सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित