पटना , सितंबर 15 -- बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने गया के विश्वप्रसिद्ध विष्णुपद मंदिर एवं आसपास के क्षेत्र के समग्र विकास के लिए 3,516.05 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दिए जाने के निर्णय का स्वागत किया है।
डॉ. प्रेम कुमार ने आज यहां जारी बयान में कहा कि पर्यटन विभाग की ओर से विष्णुपद मंदिर परिसर के विकास के लिए 2,520 करोड़ रुपये तथा सोन-फल्गु नदी जोड़ योजना के लिए 996.05 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि विष्णुपद मंदिर परिसर का विकास काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर किया जाएगा, जिससे गयाजी में धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन को नई ऊंचाई मिलेगी।
विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि योजना के तहत मल्टीलेवल कार पार्किंग, एलिवेटेड पथ, पुल, रैंप, घाटों का विकास, कैंटीन, पैदल यात्री पुल, सीता कुंड समेत अन्य नागरिक सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित