नयी दिल्ली , जुलाई 02 -- दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने गुरुवार को नरेला स्थित सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए कई निर्देश दिये।

डॉ. पंकज ने अस्पताल में प्रसूति सेवाओं के विस्तार, आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था को मजबूत करने, सीटी स्कैन, एमआरआई और अल्ट्रासाउंड जैसी आधुनिक जांच सुविधाओं की शीघ्र स्थापना, स्वच्छता व्यवस्था में सुधार तथा डॉक्टरों की कमी को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने के निर्देश दिये। उन्होंने पातकालीन विभाग, महिला एवं शिशु ऑब्जर्वेशन वार्ड, माइनर ऑपरेशन थिएटर, प्लास्टर वार्ड और हड्डी रोग विभाग सहित अस्पताल की विभिन्न इकाइयों का दौरा किया। उन्होंने मेडिकल सुपरिंटेंडेंट और वरिष्ठ चिकित्सकों के साथ अस्पताल की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए उन क्षेत्रों की पहचान की, जहां तत्काल सुधार की आवश्यकता है।

डॉ. सिंह ने अस्पताल में डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता, बेड क्षमता, मरीजों की संख्या और बेड ऑक्यूपेंसी का भी आकलन किया। उन्होंने बढ़ती जरूरतों को देखते हुए बेड क्षमता बढ़ाने के निर्देश दिए ताकि किसी भी मरीज को समय पर उपचार मिल सके।

स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। आधुनिक जांच सुविधाओं के अभाव पर चिंता जताते हुए सीटी स्कैन, एमआरआई और अल्ट्रासाउंड मशीनों की स्थापना की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित