भोपाल , जुलाई 11 -- मध्यप्रदेश के पूर्व गृह मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए पार्टी प्रत्याशी की घोषणा के बाद नाराज कार्यकर्ताओं से संयम और अनुशासन बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि वह संगठन के निर्णय के साथ हैं और घोषित प्रत्याशी अशुतोष तिवारी की जीत के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे। डॉ. मिश्रा शनिवार को दतिया से भोपाल पहुँचे है।
डॉ. मिश्रा ने भोपाल स्थित अपने निवास पर पत्रकारों से चर्चा में कहा, "मैं संगठन के साथ हूं। सब मेरा परिवार है। संगठन का फैसला सर्वप्रिय होता है और उसे सकारात्मक रूप में ही लेना चाहिए।"उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का आक्रोश क्षणिक था और उन्होंने सभी से उपद्रव नहीं करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि धैर्य और संयम का समय यही होता है तथा यही कार्यकर्ताओं की परीक्षा की घड़ी भी है।
पूर्व गृह मंत्री ने कहा कि पार्टी में अपनी बात रखने के लिए निर्धारित संगठनात्मक मंच और प्रक्रिया है। कार्यकर्ताओं को उसी माध्यम से अपनी बात रखनी चाहिए तथा अनुशासन का पालन करना चाहिए।
दतिया में पार्टी कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन के संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि वह स्वयं कार्यकर्ताओं से चर्चा कर उन्हें समझाएंगे। उन्होंने कहा कि वह भाजपा के घोषित प्रत्याशी अशुतोष तिवारी के पक्ष में सक्रिय रूप से चुनाव प्रचार करेंगे।
जिला भाजपा अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों के इस्तीफे की खबरों पर डॉ. मिश्रा ने कहा कि वह संबंधित पदाधिकारियों से बातचीत करेंगे। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से धैर्य, संयम और संगठनात्मक अनुशासन बनाए रखने की अपील की। इस दौरान डॉ. मिश्रा ने भोपाल स्थित अपने निवास पर पहुंचे अनेक कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की और उन्हें संगठन के निर्णय के साथ खड़े रहने की समझाइश दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित