चंडीगढ़ , अगस्त 01 -- हरियाणा सरकार ने वर्ष 1996 बैच के भारतीय वन सेवा (आईएफएस) के वरिष्ठ अधिकारी डॉ. टी. पी. सिंह को पदोन्नत कर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (पीसीसीएफ) नियुक्त किया है।

करीब तीन दशक के सेवाकाल में डॉ. सिंह ने पर्यावरण, वन एवं वन्यजीव विभाग में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। वह अतिरिक्त प्रधान मुख्य वन संरक्षक, हरियाणा सरकार में सचिव, मुख्य वन संरक्षक तथा उप वन संरक्षक जैसे प्रमुख पदों पर कार्य कर चुके हैं।

डॉ. सिंह इंडियन काउंसिल ऑफ फॉरेस्ट्री रिसर्च एंड एजुकेशन (आईसीएफआरई) में क्लाइमेट चेंज विभाग के प्रमुख के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं। इस दौरान उन्होंने यूएनएफसीसीसी और यूएनसीसीडी से जुड़े भारतीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के रूप में विभिन्न अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व किया।

उन्होंने कनाडा के टोरंटो विश्वविद्यालय से क्लाइमेट चेंज एंड कार्बन मार्केट्स विषय में पीएचडी की है। इसके अलावा, वह प्रतिष्ठित ब्रिटिश चेवनिंग स्कॉलर भी रह चुके हैं।

वर्तमान में डॉ. टी. पी. सिंह हरियाणा में वन (संरक्षण) अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन से संबंधित कार्यों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित