नयी दिल्ली , अगस्त 31 -- गुजरात में वडोदरा से लोकसभा सांसद डॉ. हेमांग जोशी ने सोमवार को यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुख्यालय के विस्तार कार्यालय में आयोजित आयोजित समारोह के दौरान भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो ) के राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यभार संभाल लिया।

डॉ. जोशी ने इस मौके पर कहा कि उन्हें दी गयी जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। वह देशभर में भाजयुमो के नेतृत्व और जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर काम करेंगे।

उन्होंने कहा, "मैं आज कार्यभार संभाल रहा हूं और इसे केवल एक पद के रूप में नहीं देखता, बल्कि यह संगठन की ओर से मुझे सौंपी गयी जिम्मेदारी है। यह अवसर देने के लिए मैं संगठन के नेतृत्व का आभारी हूं। हम सभी मिलकर देश के युवाओं के साथ काम करेंगे, उनकी उम्मीदों और आकांक्षाओं को समझेंगे और उनकी ऊर्जा को देश निर्माण की दिशा में लगाएंगे। हमारा सामूहिक लक्ष्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के सपने को पूरा करने में योगदान देना होगा।"उन्होंने कहा, "भारत के युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। भाजयुमो देश के हर हिस्से के युवाओं को विकसित भारत 2047 के सपने से जोड़ने के लिए काम करेगा। हमारा ध्यान जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और ऐसे मंच बनाने पर होगा, जहां भारत के युवा अपने विचारों, नए प्रयोगों और आकांक्षाओं को सार्थक काम में बदल सकें।"इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं भाजयुमो के राष्ट्रीय प्रभारी सुनील बंसल, भाजयुमो के निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बेंगलुरु दक्षिण से सांसद तेजस्वी सूर्या, भाजयुमो के राष्ट्रीय पदाधिकारी और कार्यकारिणी सदस्य, देशभर के प्रदेश अध्यक्ष और महासचिव तथा संगठन के कई पूर्व पदाधिकारी मौजूद रहे।

इस मौके पर श्री सूर्या ने कहा कि भाजयुमो देश के युवाओं के लिए सबसे बड़ा और सबसे सक्रिय मंच है, जहां वे देश निर्माण में रचनात्मक तरीके से योगदान दे सकते हैं। उन्होंने कहा, "अगर देश के युवाओं को रचनात्मक तरीके से देश के लिए जुड़ना है, तो एक ही मंच भाजयुमो है। यह केवल युवाओं का राजनीतिक संगठन नहीं है, बल्कि यह ऐसा मंच है, जहां भारत के युवाओं की ऊर्जा, उनकी उम्मीदों और उनकी क्षमता को देश निर्माण की दिशा में लगाया जाता है। हमारी जिम्मेदारी है कि हर युवा भारतीय को मजबूत, समृद्ध और विकसित भारत बनाने में योगदान देने का अवसर मिले।"उन्होंने कहा कि भाजयुमो की ताकत उसकी जमीनी मौजूदगी और समाज के हर वर्ग के युवाओं से जुड़ने की क्षमता में है। उन्होंने विश्वास जताया कि डॉ. जोशी के नेतृत्व में भाजयुमो अपनी पहुंच को और बढ़ाएगा, संगठन के ढांचे को मजबूत करेगा और युवाओं को विकसित भारत की यात्रा में भाग लेने के ज्यादा अवसर देगा।

श्री बंसल ने राष्ट्र निर्माण में भाजयुमो कार्यकर्ताओं की भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि संगठन की ताकत ऐसे युवा नेताओं को तैयार करने में है, जो आगे चलकर समाज के अलग-अलग क्षेत्रों में योगदान देते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित